
चंदौली। धानापुर ब्लॉक क्षेत्र के खड़ान गांव स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं की खबर प्रकाशित होने के बाद आयुर्वेद विभाग हरकत में आ गया है। मंगलवार को तीन सदस्यीय जांच समिति ने चिकित्सालय पहुंचकर निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याओं के बयान दर्ज किए। इस कार्रवाई से गांव के लोगों में अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।
समाजसेवी प्रेम सिंह द्वारा लंबे समय से चिकित्सालय में लापरवाही और अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाए जाने के बाद विभाग ने जांच के आदेश दिए थे। जांच समिति में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मुगलसराय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जगदीश सराय, चंदौली के डॉ. उज्जवल कांत शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बलवंत सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने समिति के सामने चिकित्सालय में पूर्णकालिक चिकित्सक की तैनाती, नियमित रूप से मरीजों को दवा उपलब्ध कराने और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। प्रधान प्रतिनिधि बलवंत सिंह और जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने कहा कि अस्पताल में रोजाना डॉक्टर की उपस्थिति से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
जांच समिति के सदस्य डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में एक चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है और यहां सामने आ रही समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। साथ ही शासन को पत्र भेजकर अस्पताल की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को समुचित इलाज मिल सके।