
मुगलसराय। (अशोक कुमार जायसवाल) नगर के काली मंदिर क्षेत्र में सोमवार को फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाए गए कटे-फटे नोटों के कारोबार और अस्थायी दुकानों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। टीआई सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने फुटपाथ खाली कराते हुए दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फुटपाथ पर लगी अस्थायी दुकानें और ठेले हटवाकर रास्ता साफ कराया। इससे राहगीरों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में हो रही दिक्कत से कुछ समय के लिए राहत मिली। पुलिस ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें और सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा न करें।

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस टीम के हटते ही कुछ ही देर में दुकानदारों ने फिर से फुटपाथ पर दुकानें सजा लीं और अतिक्रमण शुरू हो गया। इसके चलते क्षेत्र में दोबारा जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनने लगी, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित निगरानी और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि बार-बार अतिक्रमण की समस्या से निजात मिल सके। वहीं पुलिस का कहना है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।