
मुगलसराय।( सचिन पटेल) शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात प्रभारी (टीआई) सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में वीआईपी गेट क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर कागजातों की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली।

चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया और सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी।

टीआई सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर ऐसे चेकिंग अभियान चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की।