
चंदौली ।सकलडीहा: (सचिन पटेल) मनिहरा स्थित अवधूत भगवान राम कीर्ति स्थल पर रविवार को श्रीमती श्यामरती देवी मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 450 मरीजों का पंजीयन कर उनकी जांच और उपचार किया गया। इस दौरान 25 दृष्टिबाधित बच्चों को मफलर तथा 100 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वाई.के. राय और ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने अवधूत भगवान राम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर व पुष्प अर्पित कर किया।
सीएमओ डॉ. राय ने ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद करना और उन्हें सही मार्गदर्शन देना ही चिकित्सकों का सच्चा धर्म है। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए डॉ. वी.पी. सिंह और उनकी टीम की प्रशंसा की।
डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि दीन-दुखियों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है और ट्रस्ट लगातार इस दिशा में प्रयासरत है। शिविर में शुगर, किडनी, थायराइड, बीपी, ईसीजी, फेफड़े व आंखों की जांच के साथ दंत, कान-नाक-गला, हृदय, हड्डी, स्त्री रोग, पेट और फेफड़ों से संबंधित बीमारियों का भी उपचार किया गया। मरीजों और उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर डॉ. वाई.के. राय, डॉ. वी.बी. सिंह, वीपीएन सिंह, डॉ. वी.पी. सिंह, समीर भारद्वाज, रमेश, आर.के. सिंह, कैलाश राय, डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. आनंद विद्यार्थी, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. एम. अंसारी और डॉ. हलीम तारिक सहित कई चिकित्सकों ने मरीजों का इलाज किया। कार्यक्रम में रविंद्र प्रताप सिंह, मंटू सिंह, एस.के. सिंह, अमित सिंह, राकेश सिंह, कल्लू सिंह, संतोष सिंह, मातेश्वरी सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
