
चंदौली – नियमताबाद क्षेत्र स्थित पांडेयपुर मार्केट में रविवार को अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने अधिकारियों को घेरकर आपत्ति जताई और बिना पूर्व सूचना कार्रवाई करने का आरोप लगाया, जिसके बाद टीम को वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहा है। उनका कहना था कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी है तो सड़क किनारे और नाले के ऊपर बने सभी अवैध कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। केवल कुछ लोगों की दुकानों और गुमटियों को हटाना अन्यायपूर्ण है।

एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के उसकी दुकान की गुमटी पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसको लेकर बाजार के अन्य दुकानदारों और ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई।
मामले में पीडीडीयू नगर के एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क चौड़ीकरण के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रस्तावित फोरलेन सड़क गुजरनी है, जिसके लिए अतिक्रमण चिन्हित किए जा रहे हैं। एसडीएम के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए अभियान जारी रहेगा, जबकि ग्रामीण निष्पक्ष और समान कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
