
चंदौली-(मु अफजल)जनपद के नियामताबाद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा देवई में सड़क और नाली की बदहाल व्यवस्था ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। गांव की मुख्य गलियों और रास्तों की सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं। जिससे जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।आलम यह है कि ग्रामीणों को नाली के गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में विशेष कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

●स्थानीय निवासियों के अनुसार उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
●ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क के सुंदरीकरण और पक्की नालियों के निर्माण की मांग की है, ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।
●अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है और आवश्यक कार्रवाई करता है।