
मुग़लसराय- (अशोक कुमार जायसवाल ) जलीलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बखरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पानी के किनारे पड़ी जहरीली मछलियां खाने से 45 बतखों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने बगुला पकड़ने के लिए मछलियों के मुंह में कीटनाशक दवा डालकर उन्हें पानी के किनारे छोड़ दिया था। इन मछलियों को खाने के बाद बड़ी संख्या में बतखें मर गईं, जिससे बतख पालकों में हड़कंप मच गया।
बगुला पकड़ने के लिए मछलियों में डाली गई थी कीटनाशक
●मिसिरपुरा निवासी बबलू सोनकर पिछले तीन–चार महीनों से क्षेत्र में रहकर अपने सहयोगियों के साथ बतख पालन कर रहे हैं। वह पड़ाव–नींबूपुर मार्ग पर बखरा चौरहट रेलवे लाइन के किनारे बतखों को रखते हैं और उनके अंडों का व्यवसाय करते हैं। कुछ लोगों ने बगुला पकड़ने के उद्देश्य से कीटनाशक मिली मछलियां पानी के किनारे रख दीं, तब वहां बड़ी संख्या में बतखें पहुंच गईं और उन मछलियों को खा लिया।
जहरीली मछलियां खाने के कुछ ही देर बाद बतखें एक-एक कर मरने लगीं। देखते ही देखते 45 बतखों की मौत हो गई।
●घटना से बतख पालक बबलू सोनकर को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने तत्काल जलीलपुर पुलिस चौकी को सूचना दी।
●सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र के पशुपालकों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।