
चंदौली (मो अफजल ) नियमताबाद क्षेत्र के घूरो गांव में सड़क किनारे लगा एक बिजली ट्रांसफार्मर इन दिनों गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। ट्रांसफार्मर के खुले तार किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह ट्रांसफार्मर सड़क से सटे एक खेत में स्थापित है। इसी रास्ते से गांव के लोग और मवेशी रोजाना आवागमन करते हैं। ऐसे में खुले तारों की वजह से करंट लगने का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जरा-सी लापरवाही या बारिश के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।

स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में ट्रांसफार्मर के खुले तार साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं, जो संभावित हादसे की आशंका को और बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही बचाव किया जा सके।
इस संबंध में बिजली विभाग के जेई अभिषेक सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजा जा रहा है। जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को सुरक्षित कर समस्या का निवारण कराया जाएगा।

अब देखने वाली बात यह होगी कि विभागीय आश्वासन के बाद ट्रांसफार्मर को कब तक सुरक्षित किया जाता है और ग्रामीणों को इस खतरे से राहत मिलती है या नहीं। फिलहाल गांव के लोग जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।