[smartslider3 slider="2"]

शिकायतकर्ता को भटकाएं नहीं, सही विभाग की जानकारी देकर मदद करें: डीएम चंद्र मोहन गर्ग

Connect With Social Media

चन्दौली (अशोक कुमार जायसवाल) चकिया तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 5 मामलों में टीम गठित कर मौके पर जांच के निर्देश दिए गए। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान छुछाड़ गांव की सपना ने रास्ते के विवाद को लेकर परिवार को परेशान किए जाने तथा भाई विक्की के साथ मारपीट की शिकायत दी। इस पर जिलाधिकारी ने उप

जिलाधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, शहाबगंज विकासखंड के ढुन्नू गांव निवासी सुनील कुमार पांडे ने ग्राम प्रधान राजेश यादव पर सिंचाई विभाग के माइनर पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कराने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने इस मामले में तत्काल टीम गठित कर मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने तहसील के भूलेख अनुभाग एवं अभिलेखागार का निरीक्षण किया। उन्होंने फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता को किसी कार्य के लिए बार-बार बेवजह परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत संबंधित विभाग की नहीं है, तो शिकायतकर्ता को गुमराह करने के बजाय सही विभाग की पूरी जानकारी देकर उनकी मदद करें। यह शासकीय दायित्व के साथ-साथ इंसानियत का भी परिचय है।


इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय, डीडीओ डॉ. सपना अवस्थी, उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा, तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव, सीओ रघुराज, नायब तहसीलदार आशुतोष राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!