
चन्दौली-सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान शिवशंकर राय (56) के रूप में हुई है, जिन्हें एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी थी।
जानकारी के अनुसार शिवशंकर राय शुक्रवार शाम गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में भजन-कीर्तन में शामिल होने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़ावल की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल घायल शिवशंकर को सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक सवार बिना हेडलाइट जलाए तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद लोगों ने बाइक और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि आरोपी धीरज विश्वकर्मा (पुत्र चन्द्रहास विश्वकर्मा, निवासी गुहास, थाना अलीनगर, मुगलसराय) को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा दुर्घटना में शामिल बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतक शिवशंकर राजभर पेशे से मजदूर थे और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। वह प्रतिदिन गांव के मंदिर में भजन-कीर्तन में शामिल होते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी मीना देवी, पुत्र पप्पू राजभर और चार पुत्रिया राजवंती, विद्यावंती, पूनम और सरोज को छोड़ गए हैं। सभी पुत्रियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।