
मुगलसराय कोरी। अलीनगर थाना क्षेत्र के कोरी गांव में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गांव के बीच स्थित तालाब ओवरफ्लो होने से पानी गलियों और घरों में घुस गया। निचले इलाकों में कई घरों में एक से दो फीट तक पानी भरने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी भरने से घरेलू सामान, अनाज और पशुओं का चारा भी प्रभावित हुआ है। वहीं मुख्य संपर्क मार्गों पर घुटने तक पानी जमा होने से आवागमन बाधित है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान उमाशंकर यादव ने चंदौली-कैली मुख्य मार्ग स्थित कुलाबा (पुलिया) को खुलवाकर तालाब के पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराई। कुलाबा खुलने के बाद पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने लगा।


ग्राम प्रधान उमाशंकर यादव ने बताया कि गांव में पानी निकासी के लिए कोई स्थायी नाला नहीं है। लगातार बारिश होने पर तालाब ओवरफ्लो हो जाता है, जिससे गांव में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। फिलहाल कुलाबा खुलवाकर पानी की निकासी कराई जा रही है।