[smartslider3 slider="2"]

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस का धरना, मुकदमा वापस लेने की मांग

Connect With Social Media

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को सुभाष पार्क में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निराधार बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने थाना मुगलसराय के कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह को ज्ञापन सौंपा।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा कथित तौर पर जातिवादी टिप्पणी करने के साथ शुद्धिकरण अनुष्ठान किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना के विरोध में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।

बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कांग्रेस सामाजिक अन्याय, जातिगत भेदभाव और दलित एवं वंचित समाज के अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाती रही है।

उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए और कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान करने वाले लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने भाजपा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

धरने के दौरान दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, संगीता सिंह, डॉ. जीके पांडेय, संजय जायसवाल, मृत्युंजय शर्मा, साबिर राईन, दीपक यादव, किशोरी लाल शर्मा, मुन्नी सिंह, रमेश पांडेय, कन्हैया मोदनवाल, दिलीप पाल, संजय पांडेय, राकेश चौधरी, रितिक सिंह, निसार शाह, अनुराग शर्मा, प्रदीप जायसवाल, उषा यादव (प्रदेश सचिव, पिछड़ा वर्ग), राकेश कुमार सिंह, अनवर सादात, गुफरान अहमद, इमरान अहमद और आबिद अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!