
चन्दौली – चकिया कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने किचन रूम का ताला तोड़कर मिड डे मील से जुड़ा सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब विद्यालय खुलने पर प्रधानाध्यापक स्कूल पहुंचे।
विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक रामदुलार सिंह ने किचन रूम का ताला टूटा देखा। अंदर निरीक्षण करने पर दो गैस सिलेंडर, अनाज रखने का कंडाल, प्लेट, कटोरी, ग्लास, चावल, आटा समेत अन्य सामग्री गायब मिली। किचन रूम के भीतर कुछ सामान बिखरा भी पड़ा था, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रधानाध्यापक ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी और खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार को अवगत कराया।

मामले में सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय को लिखित तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर जंगल के बीच स्थित है और अब तक विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हो सका है। आरोप है कि वन विभाग की ओर से निर्माण में बाधा डाले जाने के कारण स्कूल परिसर असुरक्षित बना हुआ है। बाउंड्री वॉल न होने और रात में सुनसान रहने का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यालय के किचन रूम से सामान चोरी होने की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की।