
चन्दौली- बबुरी थाना क्षेत्र के भागूपुर गांव में गुरुवार दोपहर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब खलिहान में धूप सेंक रही एक महिला को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भागूपुर गांव निवासी मनोहरी देवी गुरुवार दोपहर अपने घर के पास स्थित खलिहान में बैठकर धूप सेंक रही थीं। उसी दौरान गांव के ही एक इंडिगो कार से कहीं जा रहे थे। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खलिहान की ओर मुड़ते हुए मनोहरी देवी से जा टकराई। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मनोहरी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पुत्र निरंजन मौर्य ने तत्काल घटना की सूचना बबुरी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद भागूपुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की गलियों में तेज रफ्तार वाहनों का चलना आम हो गया है, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से गांव के अंदर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सख्त कदम उठाने की मांग की है।