
डीडीयू नगर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रा के दौरान गुम हुए 120 मोबाइल फोन को जीआरपी ने सर्विलांस के जरिए खोजकर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया। महीनों पहले खोए मोबाइल वापस पाकर यात्री खुशी से झूम उठे और जीआरपी टीम का आभार जताया।
●आज के समय में मोबाइल फोन लोगों की दैनिक जरूरत का अहम हिस्सा बन चुका है। इसमें बैंकिंग से जुड़े ऐप, महत्वपूर्ण दस्तावेज और निजी जानकारी सुरक्षित रहती है। ऐसे में यात्रा के दौरान मोबाइल गुम होने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गुमशुदगी की सूचना मिलने पर जीआरपी संबंधित मोबाइल के आईएमईआई नंबर को सर्विलांस पर लगाकर उसकी तलाश शुरू करती है।
●जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए सर्विलांस टीम के साथ एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी सहायता से 120 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। जीआरपी थाना परिसर में पीड़ित यात्रियों को बुलाकर उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए गए।
●बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जीआरपी की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और मोबाइल गुम होने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते उसे खोजा जा सके।