
डीडीयू जं- ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के छूटे हुए सामान को बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस दिलाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ अभियान के तहत डीडीयू नगर में सराहनीय कार्य किया गया। अभियान के अंतर्गत आरपीएफ ने तीन यात्रियों के छूटे बैग बरामद कर उन्हें उनके मालिकों को सौंप दिया, जिससे यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
आरपीएफ स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि रेल मदद के माध्यम से सूचना मिली कि प्रयागराज–डीडीयू मेमू ट्रेन में काले रंग का एक पिट्ठू बैग लावारिस हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर बैग को बरामद किया। जांच में पता चला कि बैग मिर्जापुर के गणेशगंज, रघुनाथ दास की गली निवासी हरिओम केसरवानी का है। सूचना मिलने पर हरिओम स्टेशन पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन के बाद उनका बैग उन्हें सौंप दिया गया।
एक अन्य मामले में कंट्रोल को सूचना मिली कि एक यात्री का आरक्षण जोधपुर एक्सप्रेस में था, लेकिन वह गलती से अप सियालदह–अजमेर एक्सप्रेस में सवार हो गए। जल्दबाजी में उतरते समय उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया। आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन से बैग बरामद किया और यात्री को इसकी सूचना देकर बैग सुरक्षित रखने की कार्रवाई की।
इसी तरह डाउन उधना–दानापुर एक्सप्रेस में भी एक यात्री का छूटा बैग आरपीएफ टीम ने बरामद कर लिया है और संबंधित यात्री से संपर्क कर उसे वापस करने की प्रक्रिया जारी है।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष ध्यान रखें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत रेल मदद या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को सूचित करें, ताकि खोए सामान को जल्द से जल्द बरामद कर लौटाया जा सके।