
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर स्थित पान-बिस्कुट की दुकानों को निशाना बनाते हुए 30 हजार रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के ग्रामीणों और दुकानदारों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
पहली घटना तोरवा चट्टी स्थित संजय पान भंडार में हुई। चोरों ने लोहे की गुमटी का ताला तोड़कर बिस्कुट, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान, सुपारी समेत करीब 20 हजार रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया। तोरवा गांव निवासी दुकानदार संजय चौरसिया बुधवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। दुकान का अधिकांश सामान गायब था। संजय इसी दुकान से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

दूसरी घटना बिझवल गांव के पास धानापुर-अवही मार्ग पर स्थित नाले राम की गुमटी में हुई। चोर यहां से बिस्कुट, टॉफी, नमकीन, गुटखा, सिगरेट समेत अन्य सामान उठा ले गए। नाले राम भी इसी छोटी दुकान के सहारे परिवार का गुजारा करते हैं। चोरी की घटना से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि महज एक सप्ताह पहले भी करीब 500 मीटर की दूरी पर दो दुकानों में चोरी हुई थी, लेकिन अब तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में रोष है और पुलिस से गश्त बढ़ाने तथा जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।