
चंदौली- धानापुर कस्बा स्थित पठान टोली में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे लोगों को बुधवार को बड़ी राहत मिली, जब ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान में जुट गए। नालियों के जाम होने से सड़कों पर पानी भर गया था, जिससे आवागमन के साथ-साथ घरों से निकलने वाले पानी की निकासी भी पूरी तरह बाधित हो गई थी।
समस्या की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा अपने दोनों भाइयों, सफाईकर्मियों और एक ट्रैक्टर के साथ दोपहर में पठान टोली पहुंचे। उन्होंने छड़ की मदद से नालियों में फंसे कचरे को निकलवाया और जाम नालियों की साफ-सफाई कराई। ग्राम प्रधान को खुद श्रम करते देख स्थानीय ग्रामीण भी आगे आए और सफाई कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
●इस दौरान ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने कहा कि वे ग्रामीणों की समस्याओं को अपनी समस्या मानते हैं और धानापुर ग्राम सभा उनके लिए एक परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि जलजमाव जैसी समस्याओं का समाधान करना हम सभी का परम कर्तव्य है, क्योंकि इससे न केवल रोजमर्रा की दिक्कतें बढ़ती हैं, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।

●उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वच्छता को लेकर बेहद गंभीर हैं। इसी क्रम में धानापुर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए प्रतिदिन कूड़ा गाड़ी से कचरे का उठान कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और कूड़ेदान का ही प्रयोग करें।
●इस सफाई अभियान में संतोष यादव, शत्रुघ्न, बृजेश, प्रकाश, गुड्डू खान, रुस्तम खान, सैफ, नौशाद खान, गब्बू खान सहित कई अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा के इस सराहनीय प्रयास की खुलकर प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी तरह जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।