
चंदौली- धानापुर क्षेत्र अंतर्गत गुरेहू गांव में स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं मूर्ति अनावरण के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। जय श्री राम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों एवं कुंवारी कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
●बुधवार को श्रद्धालु नरौली गंगा घाट पहुंचे, जहां विधि-विधान से गंगा स्नान कर दोपहर 12 बजे कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा नरौली से धानापुर होते हुए गुरेहू गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर तक पहुंची। इस दौरान ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
●मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी की मूर्ति का अनावरण एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान लगातार तीन दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम के पहले दिन रामायण पाठ एवं रामचरितमानस का आयोजन किया गया।

●आयोजन के तहत 6 फरवरी को महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
●कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के सहयोगी राजीव यादव ने बताया कि जल भरान एवं कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई है और आगामी दिनों में अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
●कलश यात्रा में गोपाल राय, संतोष मौर्य, विकास राजभर, उमेश प्रजापति, राजू यादव, दिनेश मोर, अजय मोरे, राधे प्रजापति, शशिकला देवी, सरोज देवी, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
