
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। रक्षाबंधन के अवसर पर क्षेत्र की बहनों के स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर किए गए संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने अमोघपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को हेल्थ कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने कहा कि रक्षाबंधन पर उन्होंने क्षेत्र की बहनों को हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया था। इसी क्रम में अमोघपुर में हेल्थ कार्ड वितरण की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। वह परिवार की जिम्मेदारियों के साथ दो परिवारों को जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सम्मान की चिंता करना समाज की भी जिम्मेदारी है।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलता है तो इस अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने करीब 50 हजार हेल्थ कार्ड बनवाने का प्रयास करने और इनके माध्यम से क्षेत्र की बहनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने का संकल्प जताया।

उनका कहना था कि आर्थिक स्थिति किसी महिला के जरूरी उपचार में बाधा न बने, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह और विश्वास उनके लिए महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य, सम्मान और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम में हेल्थ कार्ड पाने वाली महिलाओं ने पहल पर प्रसन्नता जताई।