[smartslider3 slider="2"]

पुलिस लाइन में डाक विभाग का विशेष जागरूकता कैंप, 110 से अधिक पुलिसकर्मियों को दी गई योजनाओं की जानकारी

Connect With Social Media


चंदौली। पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में बुधवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में भारतीय डाक विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी ऑफिस संजय राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्र की उपस्थिति में 110 से अधिक पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
कैंप का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय डाक विभाग की विभिन्न बचत, निवेश, बीमा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा। इस दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, निवेश, ब्याज, बीमा कवर और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम में डाकघर बचत खाता (POSA) के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह खाता न्यूनतम ₹500 से खोला जा सकता है। इसमें एकल और संयुक्त खाते की सुविधा के साथ NEFT, RTGS, ECS, मोबाइल एवं इंटरनेट बैंकिंग, एसएमएस अलर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और डीबीटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसी क्रम में सुकन्या समृद्धि खाता योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना बालिकाओं के भविष्य और वित्तीय सुरक्षा के लिए है। इसके अलावा सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF) और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) की विशेषताओं, निवेश सीमा, ब्याज और परिपक्वता अवधि के बारे में भी पुलिसकर्मियों को जानकारी दी गई।
कैंप में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) को लेकर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना अथवा मृत्यु की स्थिति में ये योजनाएं बीमित व्यक्ति और उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं। वहीं अटल पेंशन योजना (APY) के तहत वृद्धावस्था में निश्चित मासिक पेंशन के प्रावधान की जानकारी दी गई।


भारतीय डाक विभाग, जनपद चंदौली के सहायक अधीक्षक डाकघर व्यास मुनि पाठक और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को डाक विभाग की बैंकिंग सुविधाओं, बीमा योजनाओं और अन्य जनसुविधाओं के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही कर्मचारियों की ओर से पूछे गए सवालों और शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कैंप के माध्यम से पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बचत, भविष्य की आर्थिक योजना और बीमा सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!