
जापान में भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ (ऑफिशियल) के रूप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, जिले में खुशी का माहौल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। चंदौली जनपद के अमोघपुर क्षेत्र के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं सेना के खिलाड़ी अविनाश कुमार को जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ (ऑफिशियल) के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। अविनाश की इस उपलब्धि से चंदौली सहित पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
अविनाश कुमार की यह उपलब्धि वर्षों के अथक परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और कुश्ती के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। बिहार के चौसा की मिट्टी से कुश्ती का सफर शुरू करने वाले अविनाश ने मुगलसराय स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट अखाड़े में अभ्यास किया। इसके बाद उन्होंने आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे में प्रशिक्षण लेते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब उन्हें भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ का हिस्सा बनने का अवसर मिला है।

अविनाश की इस उपलब्धि को उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। एक खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब भारतीय कुश्ती टीम के साथ ऑफिसियल की जिम्मेदारी मिलना उनके अनुभव और खेल के प्रति योगदान को दर्शाता है।
अविनाश कुमार की उपलब्धि पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं सांसद करण भूषण सिंह, सचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय सहित देशभर के पहलवानों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों और कुश्ती से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली एवं जिला खेल जगत फाउंडेशन के महासचिव कुमार नन्दजी, रेलवे के कोच बबलू सिंह, पहलवान प्रदीप, जितेंद्र, पवन, निखिल राज, कृष्णा गुप्ता तथा बनारस कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू सहित अन्य खेल पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने अविनाश कुमार को जापान में भारतीय कुश्ती टीम के साथ अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल परिवार से मिला संस्कार
अविनाश कुमार का परिवार भी खेलों से जुड़ा रहा है। उनके पिता बब्बन प्रसाद और माता सरिता देवी हैं। उनके बड़े भाई कुमार नन्दजी चंदौली बॉक्सिंग संघ सहित विभिन्न खेलों से जुड़े पदाधिकारी एवं कोच हैं। वहीं उनके छोटे भाई विकास राज अंतरराष्ट्रीय स्तर के कराटे एवं बॉक्सिंग खिलाड़ी हैं। खेलों से जुड़े परिवार में पले-बढ़े अविनाश ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर कुश्ती के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है।
अविनाश कुमार के जापान में भारतीय कुश्ती टीम के साथ एशियन गेम्स में ऑफिसियल के रूप में शामिल होने की खबर से चंदौली के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेलप्रेमियों ने उम्मीद जताई कि उनकी यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों को भी मेहनत और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।