

पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। स्वतंत्रता दिवस एवं रीबॉर्न ट्रस्ट के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को शुभकामना अकादमी, रवि नगर में रीबॉर्न ट्रस्ट की ओर से रक्तदान एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में समाज की भागीदारी बढ़ाना रहा।
रीबॉर्न ट्रस्ट पिछले एक वर्ष से लगातार सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी सेवा यात्रा के तहत आयोजित यह अभियान ट्रस्ट के फाउंडर एवं ट्रस्टी तथा सामाजिक कार्यकर्ता सतनाम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित 10वां रक्तदान अभियान रहा।


अभियान के दौरान करीब 28 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जबकि 20 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अन्य लोगों को भी नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रीबॉर्न ट्रस्ट के फाउंडर एवं ट्रस्टी सतनाम सिंह ने उपस्थित लोगों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि रीबॉर्न ट्रस्ट ने अपने एक वर्ष के सफर में निरंतर सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता दी है। रक्तदान अभियान इसी सेवा भावना की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने रक्तदाताओं, वॉलंटियर्स, अतिथियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा से जुड़े ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में रीबॉर्न ट्रस्ट के वॉलंटियर्स विष्णु जैस, तनवीर अंसारी, अजहर अंसारी, आशुतोष सिंह, प्रिया जैस, नितेश जैस, श्रद्धा कुमारी, अमनदीप कौर, योगेन्द्र देव सिंह, महिमा पाहवा और अफजल अंसारी सहित अन्य वॉलंटियर्स एवं सहयोगी मौजूद रहे। अतिथियों में सुभाष तुलस्यान, निलेश बरनवाल, डिम्पल सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वॉलंटियर्स ने रक्तदान के आयोजन, लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में रीबॉर्न ट्रस्ट की ओर से सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, वॉलंटियर्स एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।