[smartslider3 slider="2"]

ग्राम सभा दाढ़ी में भव्य दंगल का आयोजन, दूर-दराज से पहुंचे नामी पहलवान

Connect With Social Media


मुगलसराय के दांडी चंदौली । नाग पंचमी के अवसर पर ग्राम सभा दाढ़ी में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

दंगल का आयोजन अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं एनआईएस (NIS) कुश्ती कोच कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया पहलवान के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जिला पंचायत प्रत्याशी मुकेश पटेल, महेंद्र प्रधान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव , दरोगा भैया सहित क्षेत्र के अन्य पहलवानों और समस्त ग्राम सभा के लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।



कन्हैया पहलवान ने बताया कि नाग पंचमी के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दंगल का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहलवान पहुंचे। दंगल में कई रोमांचक मुकाबले हुए। प्रमुख कुश्तियों में 51 हजार रुपये और 41 हजार रुपये की कुश्ती के साथ ही 10 हजार, 21 हजार और 5 हजार रुपये की कई अन्य कुश्तियां भी कराई गईं। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच और मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया ने बताया कि वे ‘श्री कृष्ण व्यायामशाला’ नाम से अखाड़ा चलाते हैं और पूर्व मध्य रेलवे में कुश्ती कोच के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े में आसपास के करीब 10 से 20 गांवों के गरीब परिवारों के बच्चे नि:शुल्क कुश्ती का प्रशिक्षण लेते हैं। इन बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेहतर संसाधन और नियमित प्रशिक्षण की जरूरत है।

उन्होंने सरकार से अखाड़े और ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती खेल के विकास के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि सरकार अखाड़े में एक प्रशिक्षित कोच की नियुक्ति कर दे और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दे, तो यहां से भविष्य में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं, जो प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

दंगल के सफल आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का संदेश गया। आयोजन समिति ने सहयोग करने वाले सभी लोगों, पहलवानों और दर्शकों का आभार जताया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!