अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा की ओर से धर्मशाला रोड स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने लोकमाता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन, सुशासन, जनकल्याण तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण में दिए गए योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता क्षेत्रीय मंत्री एवं तिरंगा अभियान के क्षेत्रीय प्रभारी दीपक आर्य वैद्य ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की महान शासिकाओं में से एक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय और सुशासन को प्राथमिकता दी। देशभर के अनेक तीर्थस्थलों और मंदिरों का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कर उन्होंने सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल के बयान का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि औरैया के बिधूना स्थित राजकीय महाविद्यालय का नाम पहले लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर था, जिसे बाद में क्यों बदला गया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर प्रदेश की जनता को जवाब मिलना चाहिए।
जिला अभियान प्रभारी ऋषि चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उन्हें लोकमाता अहिल्याबाई होलकर द्वारा सनातन संस्कृति, मठ-मंदिरों और तीर्थस्थलों के संरक्षण से आपत्ति थी। उन्होंने कहा कि लोकमाता के योगदान को किसी एक समाज तक सीमित नहीं किया जा सकता।
हर घर तिरंगा अभियान के सह संयोजक गौरव चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों से प्रेरणा लेते हैं। उनकी 300वीं जयंती के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रयागराज के संगम तट सहित काशी और सोमनाथ में उनकी प्रतिमाओं की स्थापना तथा स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी कर उन्हें सम्मान दिया गया।
जिला मंत्री आशीष गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2025 में औरैया में मेडिकल कॉलेज का नाम पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के नाम पर किया जाना उनके सम्मान को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पिछड़े और अति पिछड़े समाज सहित पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर अध्यक्ष नवनीत गुप्ता ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर केवल किसी एक समाज की नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की गौरवशाली विरासत हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के निर्माण का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान सुशील कुमार, विनोद चौरसिया, मनोज जायसवाल, कमलाकर दुबे, रामाशीष गुप्ता, लालजी सहित भाजपा पिछड़ा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।