

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित यूरोपियन कॉलोनी के तिनकोनिया पोखरा के पास रविवार अपराह्न एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने तथा मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार रविवार करीब 3 बजे तिनकोनिया पोखरा के समीप एक नाई की गुमटी के पास लगभग 36 वर्षीय युवक अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। गुमटी संचालक किशन जब उसके पास पहुंचा तो युवक मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को होने पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तथा रेलवे चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव की तलाशी के दौरान कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ।
मृतक ने आसमानी रंग की टी-शर्ट और गुलाबी रंग का लोअर पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ पर कैंची का निशान तथा बाएं हाथ पर ‘ॐ’ का गोदना बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से आसपास के क्षेत्र में घूमता हुआ देखा जाता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।