
चंदौली, 17 जून। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर मामलों के निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के लिए आने वाले नागरिकों, आवेदकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में कुल 44 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।