
चंदौली। जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धीरज (23 वर्ष) पुत्र अमरेश यादव, निवासी डीघार, कोल्हूआ बाटी, थाना कैमूर, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धीरज पिछले लगभग छह माह से अपने बहनोई धीरज यादव पुत्र भाईराम, निवासी कर्माबांध, थाना नौगढ़ के घर पर रह रहा था। उसका पैर टूट गया था, जिसके उपचार के लिए वह यहां ठहरा हुआ था।
रविवार की सुबह परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सुबह करीब 5:55 बजे सूचना मिलने पर नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम चंदौली को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।