[smartslider3 slider="2"]

PWD परियोजना में 70 लाख तक की सामग्री गबन का आरोप, कंपनी के दो कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज

Connect With Social Media

मुगलसराय। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक महत्वपूर्ण परियोजना से जुड़ी लाखों रुपये की सामग्री के कथित गबन और चोरी का मामला सामने आया है। नीलांबरी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि उज्जवल चंद्रमनी की तहरीर पर मुगलसराय थाने में एफआईआर संख्या 287/2026 दर्ज की गई है। कंपनी को मुगलसराय क्षेत्र में प्रकाश मार्ग के लिए त्रिशूल मुंड से सुसज्जित विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कार्यदायी संस्था एपीसीओ (APCO) के माध्यम से मिला था। बताया जा रहा है कि इस परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित है।
परियोजना के लिए पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग स्थित जलीलपुर क्षेत्र के माड़िया डांडी गांव के पास एक स्टोर बनाया गया था, जहां निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली लाखों रुपये मूल्य की सामग्री रखी गई थी।


दो कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप
कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि स्टोर और सामग्री की निगरानी की जिम्मेदारी प्रतापगढ़ निवासी चंद्रभान वर्मा और लखनऊ निवासी अनुभव शुक्ला को सौंपी गई थी। करीब दो माह पहले स्टोर से बड़ी मात्रा में सामग्री गायब होने की जानकारी मिलने पर आंतरिक जांच कराई गई। जांच में लगभग 55 से 70 लाख रुपये मूल्य की सामग्री के गायब होने की बात सामने आई।
कंपनी का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से सुनियोजित ढंग से सामग्री का गबन और चोरी की है। मामले की शिकायत पहले जलीलपुर चौकी, मुगलसराय कोतवाली तथा आईजीआरएस पोर्टल पर भी की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


परियोजना कार्य प्रभावित
कंपनी का कहना है कि सामग्री की कमी के कारण पीडब्ल्यूडी की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य प्रभावित हुआ है। इससे न केवल निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है, बल्कि शासन और संबंधित विभाग की प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ने की आशंका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मुगलसराय पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!