
चन्दौली-अलीनगर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर-3 में नालियों की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, वहीं क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी गंभीर रूप लेता जा रहा है।
आवागमन में हो रही दिक्कत, संक्रामक बीमारियों का मंडरा रहा खतरा
●स्थानीय निवासियों जोगिंदर, पप्पू, आकाश, विकास, रोहित, राहुल, सूरज सरोज, विशाल, संतोष और बबलू ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है। बावजूद इसके अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं कराया गया। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिए गए।
●नालियों का पानी सड़क पर जमा होने के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना मजबूरी बन गया है। आए दिन फिसलकर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। दुर्गंध और गंदगी के चलते बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के बीमार पड़ने का खतरा लगातार बना हुआ है।

इस संबंध में जब वार्ड प्रतिनिधि भारत चौहान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नगर पालिका में फंड की कमी के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही फंड उपलब्ध होगा, नाली और सड़क की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
फिलहाल अलीनगर वार्ड नंबर-3 के निवासी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें गंदगी, जलभराव और बीमारियों से राहत मिल सके।