
चंदौली-धानापुर विकासखंड अंतर्गत कुसम्ही गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर लंबे समय से पुष्टाहार न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय (बीडीओ कार्यालय) पर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीण कुपोषित बच्चों को साथ लेकर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के माध्यम से लिखित शिकायत दर्ज कराई।
●ग्रामीणों का आरोप है कि कुसम्ही आंगनबाड़ी केंद्र पर वर्षों से नियमित रूप से पुष्टाहार का वितरण नहीं हो रहा है, जिससे छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाएं आवश्यक पोषण से वंचित हैं।
●प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव निवासी राजेश का छह वर्षीय पुत्र और अखिलेश बिंद की दो वर्षीय पुत्री कुपोषण का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व कुछ गिने-चुने लाभार्थियों को ही पुष्टाहार दिया गया था, उसके बाद से वितरण पूरी तरह बंद है।

●ग्रामीणों का कहना है कि कभी सामग्री न आने तो कभी तकनीकी समस्याओं का हवाला देकर वितरण से बचा जाता है, जबकि कार्यालय स्तर से नियमित रूप से पुष्टाहार का उठान किया जा रहा है। उन्होंने पुष्टाहार की कालाबाजारी किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया।
इस संबंध में सीडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि फेस केवाईसी से जुड़ी कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण वितरण में दिक्कत आ रही है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदर्शन में हीरालाल, संतोष कुमार, रविंद्र बिंद, उपेंद्र कुमार, सिकंदर कुमार, मोनू कुमार, अर्जुन, जितेंद्र, श्यामलाल, दारोगा, विनोद कुमार, पवन कुमार सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।