
चंदौली चकिया । अवैध खनन एवं उपद्रव करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपित ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। मौके से एक अवैध असलहा, कारतूस, स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक 9 मई को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे एवं थाना प्रभारी अर्जुन सिंह संयुक्त टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर चन्द्रप्रभा रेंज क्षेत्र के ग्राम अलीपुर भांगड़ा में पहुंचे थे। वहां बिना अनुमति के जेसीबी एवं दो ट्रैक्टरों से अवैध खनन किया जा रहा था। वन विभाग और पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी व ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया।
इसी दौरान महेंद्र राव, विजेंद्र राव तथा उनके समर्थकों समेत करीब 80 से 100 लोगों की भीड़ ने पुलिस व वन विभाग की टीम को घेर लिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया तथा राहगीरों के साथ अभद्रता की। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर गणेशपुर बंधी के पास सफेद स्विफ्ट कार संख्या यूपी 67 एफ 6780 को रोककर जांच की गई। पुलिस के अनुसार गाड़ी का दरवाजा खुलते ही आरोपित संदीप कुमार ने पुलिस टीम पर 315 बोर के अवैध तमंचे से फायर कर दिया, हालांकि गोली मिस हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन एवं परदेशी पुत्र महादेव निवासी शिकारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे 9 मई को महेंद्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे तथा भीड़ को उग्र बनाने और पुलिस कब्जे से वाहन छुड़ाने में सहयोग किया था। घटना के बाद दोनों लगातार छिपकर रह रहे थे और शेरवां की ओर जाने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक मिस कारतूस, एक स्विफ्ट कार तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धदअर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रामचंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव एवं कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।