
डीडीयू नगर। यात्रा के दौरान चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने में जीआरपी डीडीयू को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी ने सर्विलांस और तकनीकी सहायता के जरिए 60 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार देर रात्रि कोतवाली परिसर में उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

आज के समय में मोबाइल फोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में यात्रा के दौरान मोबाइल खो जाने या चोरी हो जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले एक वर्ष के दौरान यात्रियों द्वारा जीआरपी डीडीयू में मोबाइल गुम होने की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।

जीआरपी डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सर्विलांस और तकनीकी जांच के माध्यम से विभिन्न स्थानों से कुल 60 मोबाइल फोन बरामद किए।

शुक्रवार देर रात्रि मोबाइल मालिकों को जीआरपी कोतवाली बुलाकर उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। महीनों पहले खोए फोन वापस मिलने पर लोगों ने जीआरपी टीम का आभार जताया और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
जीआरपी के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
