
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए शुक्रवार रात सुभाषनगर स्थित ब्रह्म बाबा मैदान में मुगलसराय नगर पालिका प्रीमियर लीग 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने फीता काटकर डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। वार्ड-21 की सभासद आरती यादव ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। देर रात तक बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने मुकाबले का आनंद लिया।

25 वार्डों की टीमें, 30 मई को फाइनल
टूर्नामेंट में नगर के सभी 25 वार्डों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। नॉकआउट आधार पर यह प्रतियोगिता 10 दिन चलेगी। प्रत्येक मैच 8 ओवर का होगा, जबकि 30 मई को फाइनल 10 ओवर का खेला जाएगा। कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के लिए लोअर, टी-शर्ट, स्पोर्ट्स शूज और आधार सत्यापन अनिवार्य है। अनुशासनहीनता पर टीम बाहर होगी और अंपायर का निर्णय अंतिम होगा।

विजेता को 25 हजार का पुरस्कार
विजेता टीम को 25 हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये मिलेंगे। हर मैच में “मैन ऑफ द मैच” के साथ फाइनल में “बेस्ट बैट्समैन”, “बेस्ट बॉलर” और “मैन ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार भी दिया जाएगा।

सूखे तालाब में बनी पिच बनी खास
सभासद आरती यादव ने बताया कि टूर्नामेंट छठ पूजा घाट स्थित सूखे तालाब के अंदर हो रहा है। तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 40 लाख का बजट स्वीकृत है। पानी सूखने के बाद बच्चों को खेलते देख यह आयोजन सूझा। सौंदर्यीकरण और दोबारा जलभराव से पहले युवाओं को खेल से जोड़ना उद्देश्य है। तालाब में बनी पिच दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी है।

पत्रकार इलेवन की 10 विकेट से एकतरफा जीत
उद्घाटन मुकाबले में पत्रकार इलेवन ने सभासद इलेवन को 10 विकेट से हराया। 19 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर टीम ने शानदार जीत दर्ज की। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महेंद्र पटेल “मैन ऑफ द मैच” बने।

कप्तान सरदार कमलजीत सिंह ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। सभासद इलेवन ने 4 ओवर में बिना विकेट 42 रन बनाए। पांचवें ओवर में महेंद्र पटेल ने सुरेंद्र चौहान को आउट कर मैच पलटा। एसडीएम एवं प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना नाबाद रहते हुए टीम को 100 के पार ले गए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। महेंद्र पटेल और सुनील यादव ने 3 ओवर में 50 रन जोड़ दिए। सुनील 82 के स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए। इसके बाद नितिन गोस्वामी ने महेंद्र का साथ देकर टीम को जीत दिलाई।

खेल से भाईचारा और जागरूकता का संदेश
चेयरमैन सोनू किन्नर ने कहा कि यह लीग सिर्फ खेल नहीं, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का माध्यम है। मैदान में “जाति जनगणना” के जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए हैं।

इस अवसर पर महेश जायसवाल, ईओ राजीव मोहन सक्सेना, जेई अमरदीप मौर्य, सतीश जिंदल, मिंटू अरोड़ा, पीके सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजक आरती यादव और श्रवण यादव ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।




