
चंदौली- नीति आयोग द्वारा संचालित ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का शुभारंभ सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय विधायक सैयदराजा सुशील सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विधायक सैयदराजा सुशील सिंह ने किया दीप प्रज्वलन
●यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक तीन माह तक चलेगा, जिसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों व आकांक्षी ब्लॉकों में चिन्हित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करना है।
●कार्यक्रम में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, पीडी डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। छात्राओं द्वारा स्वागत गान, रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कलेक्ट्रेट में लगा योजनाओं का मेला
●आकांक्षी ब्लॉकों के लिए 6 प्रमुख केपीआई ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत आकांक्षी ब्लॉकों में निम्नलिखित 6 संकेतकों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों का आईसीडीएस के अंतर्गत नियमित पूरक पोषण
आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की नियमित माप
सभी संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यात्मक शौचालय
सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता
स्कूलों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा
गोवंश का शत-प्रतिशत एफएमडी टीकाकरण
आकांक्षी जिलों के लिए 5 प्रमुख केपीआई
आकांक्षी जिलों में इन पांच संकेतकों को सैचुरेशन तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है—
जन्म के समय वजन किए गए जीवित बच्चों का शत-प्रतिशत अनुपात

अनुमानित मामलों के सापेक्ष क्षय रोग (टीबी) अधिसूचना दर
आंगनवाड़ी केंद्रों/शहरी पीएचसी में नियमित स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस
कार्यात्मक बालिका शौचालयों वाले स्कूलों का शत-प्रतिशत लक्ष्य
पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक सुशील सिंह ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अन्य मानकों पर भी बेहतर कार्य कर चंदौली को आकांक्षी जनपद की श्रेणी से निकालकर विकसित एवं आधुनिक जनपद के रूप में पहचान दिलाने की आवश्यकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी, आशा

कार्यकर्ताओं एवं शिक्षिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान माननीय विधायक ने गोदभराई की रस्म भी पूर्ण की तथा कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए योजनाओं के स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की।

निरंतर निगरानी और जनभागीदारी पर जोर
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले व ब्लॉकों को नियमित आउटरीच गतिविधियां संचालित करने, मासिक प्रगति की समीक्षा करने, जागरूकता व व्यवहार परिवर्तन अभियान चलाने तथा जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा फील्ड विजिट के माध्यम से सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के माध्यम से चंदौली जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप जमीनी स्तर पर ठोस और स्थायी बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

