चंदौली पुलिस ने 121 खोए मोबाइल बरामद किए

अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत कुल 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर स्वाट और सर्विलांस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और CEIR पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वाट और सर्विलांस टीम ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए विभिन्न स्थानों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।

आज, 20 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर भी उपस्थित रहे। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम के कार्य की सराहना की।
इस अभियान की सफलता में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल आम जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है, बल्कि तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण की दिशा में एक मजबूत उदाहरण भी पेश किया गया है।