8.5 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार से 8 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो पुरुष और एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई जीटी रोड पर डांडी गांव में मेडविन हॉस्पिटल के पास की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल तिवारी (बक्सर, बिहार), हेमंत कुमार सरोज (प्रतापगढ़) और मंजू देवी (गया, बिहार) के रूप में हुई है।
बरामद किए गए 8.5 किलो गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर वाराणसी में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस कार्रवाई को एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने दोहराया है कि मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।