जीआरपी-आरपीएफ ने 8.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की

डीडीयू नगर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बिहार ले जाई जा रही 8.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की और मौके से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर स्टेशन एरिया में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान देर रात प्लेटफार्म संख्या 1/2 के हावड़ा एंड के पास एक युवक हैंडबैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखा।
टीम ने युवक की तलाशी ली, तो उसके हैंडबैग में 48 आफ्टर डार्क ब्लू अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 8.640 लीटर थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 7680 रुपये बताई गई है। पूछताछ में तस्कर ने अपना नाम राजेश कुमार, निवासी आजाद नगर, मुरादाबाद बताया।

अधिकारियों ने आगे बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, आबकारी अधिनियम में थाने से ही जमानत का प्रावधान होने के कारण अधिकतर आरोपी जल्द ही छूट जाते हैं। स्टेशन पर शराब तस्करी रोकने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि तस्कर अक्सर पिट्ठू बैग में शराब छिपाकर विभिन्न ट्रेनों से बिहार ले जाते हैं।