

चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौंदा गांव में बुधवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान इमरान (पुत्र मोबिन) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही लौंदा चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इमरान नशे का आदी था। नशे की लत के चलते उसके परिवार में अक्सर विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ जारी है।