चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम, ग्रामीणों ने डीएम को बुलाने की मांग की

बबुरी थाना क्षेत्र के बिठवल गांव में एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चकिया–मुगलसराय मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय नरेंद्र कुमार झा के रूप में हुई है, जो भटौली के निवासी थे। सोमवार सुबह वह सड़क किनारे जा रहे थे। तभी चकिया के सोनौल क्षेत्र से मिट्टी लादकर मुगलसराय की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र कुमार झा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने डंपर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चकिया–मुगलसराय मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का आरोप है कि दिन के समय भारी वाहनों के संचालन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि नियमानुसार ऐसे वाहनों का संचालन रात में होना चाहिए, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीण जिलाधिकारी (डीएम) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस जाम खुलवाने और लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है।

