[smartslider3 slider="2"]

वैशाखी पर्व के पूर्व पीडीडीयू नगर में भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई

Connect With Social Media


पीडीडीयू नगर। सिख पंथ के स्थापना दिवस एवं पावन वैशाखी (13 अप्रैल) के उपलक्ष्य में रविवार सायं स्थानीय इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी मैदान से भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास से सराबोर इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा की शुरुआत आकर्षक अंदाज में हुई, जिसमें सबसे आगे घोड़े पर सवार युवक धर्मपताका लेकर चल रहे थे। उनके पीछे सिख परंपरा के प्रतीक पंच प्यारे का स्वरूप धारण किए पांच श्रद्धालु चल रहे थे। इसके बाद गतका दल के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए लोगों का मन मोह लिया।
महिलाओं की टोली भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थी, वहीं भजन मंडली के कलाकार अपनी मधुर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। शोभायात्रा के अंत में सुसज्जित वाहन पर विराजमान गुरु ग्रंथ साहिब का दीवान सजाया गया था, जहां गुरुवाणी का निरंतर पाठ किया जा रहा था। श्रद्धालु पूरे मार्ग में जल का छिड़काव कर सफाई करते हुए गुरु ग्रंथ साहिब की अगवानी करते नजर आए।


नगर में शोभायात्रा के स्वागत हेतु विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए थे। रिक्शा स्टैंड पर अध्यक्ष कयामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा, शीतल जल, शरबत एवं जलपान की व्यवस्था की गई थी।
शोभायात्रा के सफल संचालन में गुरुद्वारा प्रबंध समिति एवं चड्डीकलां कार सेवा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुगलसराय कोतवाली पुलिस टीम भी पूरी मुस्तैदी से तैनात रही।


इस आयोजन में सरदार रंजीत सिंह, सरदार महेंद्र सिंह, सरदार नरेंद्र पाल सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, सरदार मनमीत सिंह, सरदार संता सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!