

चन्दौली में “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस टीम ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए संचालित प्रमुख योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों पर भी प्रकाश डाला गया, जिनमें घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994 शामिल हैं। इन कानूनों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया गया।
अभियान के द्वितीय चरण में साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और साइबर अपराध की पहचान व रिपोर्टिंग के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।


इसके अलावा प्रत्येक थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई।
पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।