
चंदौली। धानापुर विकासखंड के अंतर्गत खरखोलिया ग्राम पंचायत में लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या का समाधान करते हुए इंटरलॉकिंग एवं साइडवॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मुख्य मार्ग से वीरेंद्र कुशवाहा के घर तक बने इस मार्ग का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह द्वारा किया गया।
ग्राम पंचायत के ग्रामीणों को वर्षों से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ जमा हो जाने से लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाता था। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने इंटरलॉकिंग सड़क और साइडवॉल निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी। अब इस मार्ग के बन जाने से गांव के लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

उद्घाटन के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि धानापुर ब्लॉक का समग्र एवं चौमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि उनकी योजना के तहत हर न्याय पंचायत में बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित किया जाएगा और जर्जर सड़कों का चरणबद्ध तरीके से सुधार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधान सूबेदार सिंह, ग्राम प्रधान राजेश सिंह, अभिषेक पाण्डेय, लक्ष्मण यादव, संतोष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए ब्लॉक प्रमुख का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

