

चहनियां। विकासखंड चहनियां अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में शिक्षा चौपाल एवं नवारम्भ उत्सव समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने जहां सभी को मंत्रमुग्ध किया, वहीं अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप सदस्य) सुभाष यादव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डोमन राम द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

मुख्य अतिथि सुभाष यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की नीतियों एवं निर्देशों के अनुरूप इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में दक्ष बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे शिक्षा के प्रति जागरूक बनें और अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराएं।
इस अवसर पर एसआरजी जयप्रकाश यादव, यूपीएस जिलाध्यक्ष आनंद पाण्डेय, महामंत्री सुनील यादव, सर्वेश रंजन, सूर्यकांत दीवारी, शिल्पी, अनामिका, रूचि, दीपक केशरी, शिवानंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रधानाध्यापक विजयी यादव ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक संजय यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन आत्म प्रकाश पाण्डेय ने किया।