
बबुरी, ।क्षेत्र के चित्तौड़ी गांव में शुक्रवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की चपेट में आकर लगभग पांच बीघा खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
खेतों से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत और प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की मेहनत से तैयार फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
इस अग्निकांड में प्रेम धार मौर्य की डेढ़ बीघा, नंदू मौर्य की एक बीघा, मुकेश राजभर की एक बीघा, तथा शशिकांत जायसवाल की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर बर्बाद हो गई।
अचानक हुई इस घटना से प्रभावित किसानों में चिंता और मायूसी का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं मौके पर पहुंचे मंडल महामंत्री भाजपा नेता आशीष पाठक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आप सभी को उचित मुआवजा मिलेगी।