
चंदौली- सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डेढ़ावल चौकी के रानेपुर गांव में शनिवार देर रात चोरों ने नहर किनारे स्थित एक मिठाई की दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 4 हजार रुपये नकद, लगभग 10 हजार रुपये की मिठाई और रिफाइन तेल का एक जार लेकर फरार हो गए।
●रविवार सुबह जब दुकान मालिक उमेश गोंड दुकान खोलने पहुंचे तो भीतर बिखरा सामान और टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
●हालांकि घटना के बाद भी डेढ़ावल चौकी प्रभारी के मौके पर न पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त न के बराबर है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
●पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।