पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया; गिरफ्तारी चुनौती

डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में जुए का सिंडिकेट चलाने के फरार आरोपी देवता यादव और उसके दो साथियों पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ा दी है। पहले 25-25 हजार रुपये का इनाम था, जिसे अब बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
यह मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में जुए के सिंडिकेट के भंडाफोड़ से जुड़ा है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 17 हजार रुपये बरामद किए थे और 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में 21 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने देवता यादव, मग्गू पटेल और राहुल पटेल को मुख्य आरोपी बनाया था।

गिरफ्तारी के बाद से ही ये तीनों मुख्य आरोपी फरार चल रहे हैं। पहले पुलिस ने इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, लेकिन अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। कोतवाली पुलिस के साथ-साथ एसओजी टीम भी इनकी तलाश में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई है।
पुलिस ने अब तीनों फरार आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी है। एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपी न्यायालय से जमानत लेने की कोशिश में हैं। ऐसे में यह देखना होगा कि पुलिस उन्हें जमानत मिलने से पहले गिरफ्तार कर पाती है या नहीं।