[smartslider3 slider="2"]

50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय गौ तस्कर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

Connect With Social Media

चकिया । इलिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गौ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जनपद चंदौली के थाना नौगढ़ से 50 हजार और जनपद सोनभद्र के थाना रायपुर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में इलिया थाना प्रभारी चंदन कुमार राय के नेतृत्व में टीम सक्रिय थी। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अंतरराज्यीय गौ तस्कर भगवान यादव पुत्र रामदुलार यादव, निवासी ग्राम निरंजनपुर, थाना चैनपुर, जनपद भभुआ (कैमूर) बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अदद देशी तमंचा (315 बोर) और दो अदद कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना इलिया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह परिवार के भरण-पोषण के लिए जनपद सोनभद्र से गोवंश खरीदकर बिहार ले जाकर बेचता था। उसने यह भी बताया कि गौ तस्करी के दौरान जान-माल का खतरा बना रहता है, इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए वह अवैध तमंचा साथ रखता था।
इलिया पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!