
चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र अंतर्गत बलारपुर गांव में बन रही सड़क को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सकलडीहा राजवाहा से कमलापुर मार्ग तक करीब 1100 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए शासन से लगभग 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। जहां नियमानुसार 15 सेंटीमीटर मोटी गिट्टी डाली जानी चाहिए, वहां केवल 5 सेंटीमीटर गिट्टी डालकर काम पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा साइडवाल निर्माण में पुरानी और कमजोर ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि सड़क की पटरी भी मानक के अनुरूप नहीं बनाई जा रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कर रहा है। जब इस मामले की शिकायत संबंधित जेई से की गई, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।
इन्हीं अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों और किसानों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार और सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में रामकिशुन, रामबली यादव, राजाराम, रामलाल, सतपाल राय, उपेंद्र यादव, प्रदीप कुमार और रामदुलार राय सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।
वहीं, इस पूरे मामले पर अधिशासी अभियंता रविकांत मिश्रा ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।