
चंदौली – नौगढ़ के जंगलों में अवैध शिकार के लिए बिछाए गए हाई-वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। यह दर्दनाक हादसा चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव के पास हुआ। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
●जानकारी के अनुसार बजरडीहा गांव निवासी 60 वर्षीय बचाऊ पुत्र रामजग अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परसिया गांव के पास ओखरिहवा बंधी के समीप नाले के किनारे झाड़ियों में छिपाकर लगाए गए नंगे बिजली के तार में उनका पैर उलझ गया। अचानक तेज करंट की चपेट में आने से वह जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। हादसे में उनके पैर और पीठ गंभीर रूप से झुलस गए।
●घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संजय यादव मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
●ग्रामीणों का कहना है कि नौगढ़ के जंगलों में लंबे समय से अवैध शिकार के लिए इस तरह के खतरनाक बिजली के तार बिछाए जा रहे हैं। शिकारी जंगल, खेतों की पगडंडियों और नालों के आसपास हाई-वोल्टेज करंट वाले तार लगा देते हैं, जिससे वन्यजीवों के साथ-साथ आम ग्रामीणों की जान भी लगातार खतरे में बनी हुई है।
●इस मामले में वन विभाग के रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली के तार बिछाकर शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ को मौके पर भेज दिया गया है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगलों में बिछे अवैध बिजली के तारों को तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की बड़ी और जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।